
सांगला (किन्नौर)। जिले में वीरवार रात से हो रही भारी बर्फबारी के चलते किन्नौर जिला फिर शीतलहर की चपेट में आ गया है। वहीं, जिला के 50 ग्रामीण रूट बंद हो गए हैं। काजा की ओर भी एनएच बंद चल रहा है। वहीं, शिमला और चंडीगढ़ की ओर जाने वाली बसें टापरी से आगे भेजी जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार जनजातीय जिला किन्नौर में सभी ग्रामीण रूट बंद हैं, जबकि नाको में दो, स्पीलो में चार, सांगला में एक और निचार में भी एक बस फंसी हुई है। इस कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि निगम की 22 बसें बस अड्डे से बाहर नहीं निकल पाई हैं। जानकारी के अनुसार छितकुल में तीन फुट, सांगला 2.5 फुट, कल्पा 2.5 फुट, रिकांगपिओ में एक फुट, पूह में एक 1.5 फुट, कुनो चारंग में तीन फुट और निचार, बरी, तरांडा, छोटा कंबा, बड़ा कंबा, पानवी 1.5 फुट बर्फबारी खबर लिखे जाने तक दर्ज की जा चुकी है। अभी भी बर्फबारी जारी थी। आरएम रिकांगपिओ डीएस रधु ने बताया कि बर्फबारी के चलते सभी रूट बंद हो गए हैं, जबकि शिमला की ओर जाने वाली बसें टापरी से भेजी जा रही हैं।
बाक्स
प्रशासन की लोगों से अपील
उपायुक्त किन्नौर कै.जेएम पठानिया ने लोगों से अपील कि है कि नालों के आसपास न रहें। बर्फबारी के दौरान लोग घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि किसी भी हादसे की सूचना प्रशासन को दें।
