मंडी के लिए 400 करोड़ के प्रोजेक्ट

शिमला। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह मंडी के लिए दो बड़े प्रोजेक्ट लाने में कामयाब हुए हैं। ये दोनों प्रोजेक्ट करीब 400 करोड़ की लागत के होंगे। इनमें द्रंग का नमक उद्योग और मंडी शहर में स्थापित होने वाला केंद्रीय कैंसर अस्पताल शामिल है। दोनों प्रोजेक्टों को केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक तौर पर मंजूरी दे दी है। विधानसभा परिसर में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कौल सिंह ने ये जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिंदुस्तान साल्ट लिमिटेड से मिलकर ज्वाइंट वेंचर में मंडी में नमक उद्योग लगाएगी। इस पर केंद्र सरकार करीब 300 करोड़ का निवेश करेगी। बहुत जल्द इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया जा रहा है। मंडी के द्रंग में पाई जाने वाली नमक की खानों से ये उद्योग 99 फीसदी शुद्धता वाला नमक तैयार करेगा। इससे स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिलेगा। केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल से इस प्रोजेक्ट को क्लीयर करने में काफी मदद मिली है।
दूसरा प्रोजेक्ट मंडी में स्थापित होने वाले केंद्रीय कैंसर अस्पताल का है। यह मंडी के पुराने कुष्ठ रोग अस्पताल परिसर में स्थापित होगा। इस स्थान को मंडी शहर में रघुनाथ का पधर भी कहते हैं। करीब 40 बीघे की यह भूमि केंद्रीय संस्थान को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने वीरवार को ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद को पत्र भेजा है। केंद्र सरकार ने इस संस्थान के लिए स्थान का नाम मांगा था। इस अस्पताल पर 100 से 150 करोड़ की धनराशि केंद्र सरकार खर्च करेगी। मंडी चूंकि हिमाचल का केंद्र है, इसलिए भी कैंसर से पीडि़त मरीजों को इस अस्पताल से लाभ मिलेगा।

Related posts