
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। नगरोटा बगवां के चंगर क्षेत्र के मरियारी गांव में दीनानाथ की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। इस मामले की जांच कर रहे नगरोटा बगवां पुलिस थाना के एसएचओ संसार चंद ने बताया कि हत्याकांड में गवाहों के बयान और पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी दलीप सिंह ने दीनानाथ की हत्या करने का गुनाह कबूल कर लिया है। 6 फरवरी को अचानक गायब हुए दीनानाथ का शव इसी गांव की खाई में मिला था। जांच अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार पत्थर से मारकर दीनानाथ की हत्या की गई थी। 6 फरवरी की शाम को दलीप सिंह ने दीनानाथ से मारपीट की और दीनानाथ के किसी पड़ोसी के घर चले जाने के बाद दलीप सिंह वहां भी पहुंच गया। दीनानाथ के साथ वहां भी मारपीट की। देर शाम पड़ोसी ने दीनानाथ को अपने घर चले जाने की सलाह दी। दीनानाथ वहां से तो चला गया मगर उसके बाद वह अपने घर नहीं पहुंचा। दूसरे दिन सात फरवरी को घरवालों ने दीनानाथ की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दीनानाथ के ससुर ने पुलिस में दलीप सिंह की गुमशुदगी को लेकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302-341 और 351 के अंतर्गत मामला दर्ज करके दलीप सिंह को पूछताछ के लिए तलब किया। इसके बाद लापता दीनानाथ की तलाश शुरू कर दी। आठ फरवरी दोपहर को खाई में एक नाले से दीनानाथ का शव खोज निकाला। बताया जा रहा है कि किसी पुराने मामले को लेकर दलीप सिंह और दीनानाथ की तनातनी चल रही थी। शव बरामद होने के बाद दलीप सिंह को न्यायालय में पेश करके पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया था। कांगड़ा के डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि दलीप सिंह को न्यायालय में पेश किया जाएग्रा।
