गागल शिकोर स्कूल में अध्यापकों का टोटा

सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गागल शिकोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अध्यापकों एवं प्रवक्ताओं के पांच पद रिक्त होने से सैकड़ों बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
इससे अभिभावकों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। वहीं अभिभावकों को अपने बच्चों को स्टाफ की कमी के कारण अन्य स्कूलों में भेजना पड़ रहा है जिससे अभिभावकों में आक्रोश है। स्कूल में पिछले कई महीनों से कला अध्यापक, पीटीआई, गणित, टीजीटी मेडिकल एवं टीजीटी नान मेडिकल के पद रिक्त हैं जिस कारण स्कूल में पढ़ने वाले 160 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित है।
बीते साल स्कूल में साइंस के पेपर को चेक करने के लिए स्कूल के बोहलघाट माध्यमिक पाठशाला से एक साइंस के अध्यापक को बुलाया था जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों का पठन-पाठन कैसा रहा होगा।
स्कूल प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष रणवीर ठाकुर सदस्य सुरेंद्र कुमार, फते सिंह, राजेंद्र सिंह, सरिता देवी, बबीता देवी समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि स्कूल में स्टाफ की कमी के कारण बच्चे कोर्स पूरा भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ कक्षाओं के वार्षिक पेपर हो गए हैं एवं कुछ कक्षाओं के अभी होने बाकी हैं परंतु स्टाफ की कमी बच्चों की पढ़ाई पर असर डाल रही हैं।
स्कूल के प्रधानाचार्य पीएस शर्मा ने संपर्क करने पर कहा कि स्कूल में स्टाफ की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई अवश्य प्रभावित हो रही है। स्टाफ की कमी की रिपोर्ट उच्चाधिकारी को भेज दी है। उन्होंने माना कि स्कूल के साइंस के पेपर को स्टाफ की कमी के कारण चैक करने के लिए बोहलघाट स्कूल से अध्यापक को कुछ समय के लिए बुलाया गया था।

Related posts