किन्नौर के दर्जनों गांव अंधेरे में

सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के कई क्षेत्रों में शुक्रवार देर रात से बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप है। कुछ क्षेत्र वीरवार से ही अंधेरे में हैं। हालांकि बर्फबारी से पहले बिजली बोर्ड ने बड़े-बड़े दावे किए थे कि बिजली की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए पुख्ता प्रबंधन किए गए हैं, लेकिन बर्फबारी ने बिजली बोर्ड के दावों की पोल खोल कर रख दी।
शुक्रवार रात दस बजे से पूह खंड के सुमरा, शलखर, चांगो, नाको, नमज्ञा, हांगो, लियो, पूह, ज्ञाबुंग, सुन्नम, रोपावैली, लिप्पा, आसरंग, नेसंग सहित पूह खंड के करीब एक दर्जन से अधिक गांव में बिजली की आपूर्ति ठप है। वहीं, निचार खंड के भावावैली की तीनों पंचायतों कटगांव, काफनु और यांगपा में वीरवार रात दस बजे से ही बिजली नहीं है। इसके साथ साथ कल्पा खंड के सांगला तहसील के करीब एक दर्जन ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार 10 बजे से बिजली की आपूर्ति ठप है। बिजली न होने के कारण जिले के लोग सर्दी के मौसम में ठिठुरने को मजबूर हैं। किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष बलदेव नेगी, जिला महामंत्री अधिवक्ता प्रविंद्र नेगी, महामंत्री संतोष राज नेगी, प्रधान रक्षम टीमक नेगी, उप्रधान बटसेरी राम लाल नेगी, प्रधान चांसु अनिल नेगी, प्रधान कटगांव सांज्ञा डोलमा बिष्ट, महिला मंडल प्रधान कटगांव निर्मला चारस, बीडीसी सदस्य काफनु नाथपा शंकर भगत नेगी, राजीव नेगी राजेश नेगी, भगवान सिंह नेगी, धर्म सेन नेगी, दीपक नेगी, दिव्या नेगी, यशवंत नेगी, हिम्मत नेगी, अनूप नेगी आदि लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली बोर्ड के अधिकारियों से मांग की है जल्द से जल्द बिजली की आपूर्ति बहाल की जाए।
उधर, इस बारे में एसडीओ पूह तारा सिंह नेगी, एसडीओ सांगला नरेंद्र वर्मा एसडीओ भावानगर प्रेम सिंह ठाकुर ने कहा कि बिजली की आपूर्ति बहाल करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

Related posts