

नई दिल्ली: भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा मुस्लिमों में पैठ बनाने के लिए गुजरात में एक कारोबारी सम्मेलन आयोजित करने के बीच, कांग्रेस ने आज कहा कि अगर वह वास्तव में सभी को अपने साथ लाना चाहते हैं तो उन्हें आरएसएस के साथ संबंध खत्म करने चाहिए। मुस्लिम समुदाय को लुभाने के भाजपा के प्रयास को विधि मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा का ‘‘चुनावों के लिए एक चेहरा है जबकि पर्दे के पीछे से कई अन्य चहेरे काम कर रहे हैं।’’
सिब्बल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर वे सबको अपने साथ लाना चाहते हैं, तो उन्हें अपनी नीतियों में बदलाव करना चाहिए। मोदी को कहना चाहिए कि उनका आरएसएस से कोई संबंध नहीं है।’’ मोदी ने मुस्लिम उद्योगपतियों को हिन्दू उद्योगपतियों के साथ नेटवर्क बनाने का मंच उपलब्ध कराने के लिए आज अहमदाबाद में तीन दिवसीय कारोबारी सम्मेलन का उदघाटन किया।
