490 किमी नई सड़कें बनाएगा हिमाचल

शिमला। आगामी वित्त वर्ष में हिमाचल में 490 किमी मोटर योग्य सड़क और 30 पुलों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। 2,000 किमी वर्तमान सड़कों का नवीकरण होगा। 550 किमी नई सड़कें पक्की होंगी। 600 किमी सड़कों पर जलनिकासी का कार्य किया जाएगा। ग्रामीण सड़कों को बनाने में तारकोल के मूल्यों में बढ़ोतरी को स्वीकृति दी है। नई खनन नीति में निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। आगामी वित्तीय वर्ष में 2,384 करोड़ के बजट का प्रस्ताव है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में तारकोल बिछाने और नई बस्तियों को जोड़ने पर बल दिया जाएगा। केंद्र से वर्ष 2014-15 में भारत सरकार से 300 करोड़ की स्वीकृतियां प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बंगाणा-धनेटा सुरंग के निर्माण को अंतरराष्ट्रीय निविदाएं आमंत्रित की हैं। भूब्बूजोत-कुल्लू तथा होली-उतराला सुरंगों के लिए परामर्शदाताओं से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करवाई जानी है। चैनी दर्रे के नीचे से तीसा-किलाड़ तथा चामुंड़ा-होली सुरंगों की पूर्व व्यवहारिकता रिपोर्ट का कार्य सतलुज जल विद्युत निगम को सौंपा दिया है। विश्व बैंक पोषित राज्य सड़क परियोजना के आवंटन को संशोधित कर 1,800 करोड़ कर दिया गया है। 10 सड़क उन्नयन परियोजनाओें में से 3 को पूर्ण कर लिया गया है और 3 परियोजनाएं जून 2014 तक पूर्ण हो जाएंगी। परवाणू – शिमला उच्च मार्ग की फोरलेन मार्ग परियोजना पर 2,500 करोड़ व्यय होने का अनुमान है। वन विभाग की स्वीकृति और भू-अधिग्रहण प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

Related posts