बर्फ के कारण एक भी बच्चा नहीं पहुंचा स्कूल

चंबा। जिले के बर्फबारी से प्रभावित सैकड़ों स्कूलों के हजारों बच्चे स्कूलों में नहीं पहुंच पाए। कई जगह तो टीचर भी स्कूलों तक नहीं पहुंचे हैं। सरकार, विभाग और लोकल प्रशासन अभी तक इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कोई कदम नहीं उठा पाए हैं और न ही स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने को लेकर गंभीर दिख रहे हैं। वहीं हजारों बच्चों के अभिभावक उनकी सुरक्षा और भविष्य को लेकर परेशान हैं। जिले में शीतकालीन स्कूलों की संख्या 300 के करीब है। इनमें दो दर्जन के करीब मिडल व वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भी शामिल हैं। यहां पांच हजार से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। वहीं गैर जनजातीय क्षेत्रों में भी दर्जनों स्कूल ऐसे हैं, जो बर्फबारी से प्रभावित होते हैं। इस बार दिसंबर माह से लगातार हो रही बर्फबारी से इन स्कूलों तक पहुंचना तो दूर, बच्चों का घर से निकलना खतरनाक है। जिला प्रशासन भी लोगों को घरोें से बाहर न निकलने की चेतावनियां जारी कर रहा है, मगर स्कूलों को लेकर कोई निर्णय नहीं ले पाया है। सिर्फ पांगी प्रशासन ने स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। आरसी पांगी इंद्र सिंह भारद्वाज ने इसकी पुष्टि की है। वहीं उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय ठाकुर ने बताया कि अभी स्कूलों को लेकर रिपोर्ट नहीं मिली है और न ही छुट्टी को लेकर कोई आदेश आया है। वहीं प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि स्कूलों में बच्चों के न पहुंच पाने को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि बीपीईओ से लिखित सूचना के बाद ही ऊपर जानकारी भेजी जा सकेगी। फिलहाल इस दोनों उपनिदेशकों को कोई लिखित कार्यवाही नहीं की है। वहीं एडीएम चंबा अश्वनी राज शाह ने बताया कि जिला प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों से कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने पर ही सरकार को स्थिति अवगत करवाया जा सकता है।

इंसेट….
भरमौर (चंबा)। भरमौर व होली के लगभग डेढ़ दर्जन मिडल स्कूल, दस हाई और नौ वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों सहित 125 प्राइमरी स्कूलों में से लगभग सभी स्कूलों में वीरवार को बच्चे नहीं पहुंच पाए। उपमंडल मुख्यालय के स्कूल में ही 650 के करीब बच्चों में से एक भी बच्चा स्कूल नहीं पहुंचा। कई स्कूलों में टीचर तक नहीं पहुंच पाए हैं। एडीएम डा. जितेंद्र कंवर ने बताया कि छुट्टियां बढ़ाने को लेकर अभी तक निर्णय लिया गया है।

Related posts