
धर्मशाला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला की एससीए और प्राचार्य में एक बार फिर से ठन गई है। एससीए अपने कार्यक्रम में भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को मुख्यातिथि बुलाना चाह रही है। वहीं प्राचार्य ने इस पर ऐतराज जताया है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में ठनी है।
सोमवार को कॉलेज में बैठक के बाद एससीए पदाधिकारी कॉलेज प्राचार्य से मिले और माहौल तनावपूर्ण रहा। एससीए प्रधान आदित्य शर्मा का कहना है कि प्राचार्य ने अनुराग ठाकुर को मुख्यातिथि बुलाने की अनुमति न दी तो वह पहली फरवरी से संघर्ष शुरू कर देंगे। पहली फरवरी को एससीए पदाधिकारी कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेंगे और पुतला भी फूकेंगे। आदित्य का कहना है कि 17 व 18 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम के पहले दिन अनुराग ठाकुर व दूसरे दिन कॉलेज में कार्यरत सबसे पुराने चतुर्थ श्रेणी कर्मी को मुख्यातिथि बुलाया जाएगा। इसकी प्राचार्य अनुमति नहीं दे रहे। साथ ही एससीए के बजट से कॉलेज के टॉपर छात्रों को 1500 रुपये छात्रवृत्ति दिए जाने की अनुमति दी जाए। यदि पहली फरवरी तक अनुमति न दी गई तो वह तीन फरवरी को भी पुतला दहन करेंगे व 24 घंटे के सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस दौरान भी हामी न भरने की सूरत में चार फरवरी से आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे। मांगे न मानने तक वह भूख हड़ताल पर डटे रहेंगे। इस मौके पर एससीए उपाध्यक्ष मंदीप कौर, महासचिव अरुण कुमार व सह सचिव सौरभ शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
वहीं, प्राचार्य प्रो. आरपी चोपड़ा का कहना है कि पहली फरवरी को स्टाफ के साथ बैठक करने के बाद निर्णय लिया जाएगा।
