
शिमला। कमला नेहरू अस्पताल में बुधवार को नौनिहालों को जीवन रक्षक टीके नहीं लग पाए। अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर ताला लटका होने के कारण बच्चों को लेकर आए अभिभावकों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। अस्पताल में बुधवार सुबह साढ़े नौ बजे से अभिभावक बच्चों को टीका लगाने के लिए पहुंचने शुरू हो गए। सप्ताह में सिर्फ बुधवार को ही अस्पताल में पांच साल तक के बच्चों को टीके लगवाए जाते हैं। मगर बुधवार को अस्पताल के टीकाकरण केंद्र पर लटका ताला दस बजे भी नहीं खुला। अभिभावकों ने जब पूछताछ की तो पता चला की टीकाकरण केंद्र का स्टाफ मीटिंग के लिए बाहर गया है। इसके चलते आज टीके नहीं लगेंगे। संजौली के टेकचंद भारद्वाज और भराड़ी की सुमन गुप्ता ने बताया कि अस्पताल स्टाफ ने रिपन जाकर टीके लगाने की सलाह दी। उधर, जब अभिभावक अपने बच्चों को लेकर रिपन पहुंचे तो रिपन में भी भारी भीड़ होने के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। कमला नेहरू अस्पताल के उप चिकित्सा अधीक्षक डा. सुभाष चौहान ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत हाउस टू हाउस सर्वे के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है। बुधवार को कर्मचारी पल्स पोलियो अभियान के सर्वे पर तैनात थे।
