सर्दी में भी सूख रहे लोगों के हलक

बरमाणा (बिलासपुर)। धौनकोठी पंचायत के अप्पर कनौण गांव के लोगों को सर्दी के इस मौसम में भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का कारण पानी की पाइपें टूटना बताया जा रहा है। इस वजह से बीते करीब दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति बाधित है। इसके चलते लोगों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस है।
धौनकोठी पंचायत के अप्पर कनौण गांव को पानी आपूर्ति करने वाली पेयजल योजना की पाइपें सड़क निर्माण कार्य के दौरान मलबे में दब गई थीं। मलबे में दबी पाइपें कहीं से टूट गई हैं। ऐसे में लोगों के घरों तक पहुंचने के बजाए पानी जमीन में ही रिस रहा है। ग्रामीणों पवन, राजकुमार, लेखराम, सदाराम, बाबूराम, देशराज व मनसाराम आदि ने बताया कि पेयजल योजना का ठेका आईपीएच विभाग ने एक ठेकेदार को दे रखा है। विभाग के साथ ही ठेकेदार को भी कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके समाधान की जहमत नहीं उठाई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार बीते करीब दो सप्ताह से नल सूखे पड़े होने की वजह से उन्हें दूरदराज के स्थानों से पानी ढोना पड़ रहा है। इससे उनके दूसरे कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने गांव की पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है। उधर, पेयजल योजना के प्रभारी बाबूराम का कहना है कि पानी की पाइपें मलबे में 10-12 फीट नीचे दबी हैं। इससे मरम्मत में दिक्कत हो रही है। दो-तीन दिन में उन्हें जोड़कर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Related posts