बज्रेश्वरी मंदिर में घृत पर्व की तैयारियां शुरू

कांगड़ा। शक्तिपीठ बज्रेश्वरी देवी मंदिर में घृतमंडल पर्व की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। माता की पिंडी पर घृत बनाने की मुहिम में मंदिर के पुजारियों का दल जुट गया है। इस बार करीब 20 क्विंटल मक्खन बनाए जाने की संभावना है।
मान्यता है कि घी को 101 बार शीतल जल से धोकर इसका मक्खन तैयार किया जाता है। इस मक्खन को घृत मंडल पर्व पर मां की पिंडी पर चढ़ाया जाता है। पिंडी को मेवों और फलों से भी सजाया जाता है। सातवें दिन घृत माता की पिंडी से उतार कर इसे श्रद्धालुओं में प्रसाद के तौर पर वितरित किया जाता है। यह भी मान्यता है कि इस प्रसाद को खाते नहीं अपितु यह चर्म रोग में राम बाण का काम करता है। मंदिर अधिकारी पवन बडियाल ने बताया कि 14 जनवरी रात को मंदिर में भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली की एक कंपनी इस बार जागरण का आयोजन करवा रही है। मंदिर को फूलों और रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। इस पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को लंगर व्यवस्था दिन भर जारी रखी जाएगी। सातवें दिन माता की पिंडी से घृत को उतारकर प्रसाद के रूप में बांटा जाएगा।

Related posts