…तो क्या आप की राह पर चलेगी हिलोपा

कुल्लू। दिल्ली विधानसभा चुनावों में नवगठित आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार कामयाबी से उत्साहित हिमाचल लोकहित पार्टी ने भी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपने राजनीतिक पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। विधायक महेश्वर सिंह के नेतृत्व में हिलोपा आने वाले दिनों में आप की राह पर चलने जा रही है। हालांकि, महेश्वर सिंह अभी खुले तौर पर आप के साथ हाथ मिलाने की बात नहीं कह रहे हैं, लेकिन उनकी आगामी रणनीति को देखकर तो यही लग रहा है कि हिलोपा आप के राजनीतिक प्रयोग को हिमाचल में आजमा सकती है।
आप ने विस चुनाव के बाद मोहल्ला सभाओं और नुक्कड़ सभाओं में आम लोगों से रायशुमारी करके दिल्ली में सरकार बनाने का निर्णय लिया था। हिलोपा भी उसी तर्ज पर प्रदेश भर में इसी माह लगभग सौ सभाएं करके पार्टी कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों की राय जानेगी। कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों की राय के आधार पर ही हिलोपा लोस चुनाव के लिए अपनी रणनीति तैयार करेगी। इसमें प्रत्याशियों के चयन या फिर आप से गठबंधन के बारे में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। हिलोपा प्रमुख महेश्वर सिंह और प्रवक्ता महेंद्र नाथ सोफत ने इसकी पुष्टि की है।
महेश्वर सिंह ने बताया कि आप से गठबंधन को लेकर अभी हिलोपा वेट एंड वाच की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि हिलोपा और आप के अधिकतर मुद्दों में काफी समानताएं हैं।
उन्होंने माना कि लोस चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों की राय के बाद ही कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। उधर, महेंद्र नाथ सोफत ने बताया कि हिलोपा 15 से 31 जनवरी तक प्रदेश भर में लगभग सौ सभाएं करेगी। इन सभाओं में कार्यकर्ताओं तथा आम लोगों से लोस चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की जाएगी। इन सभाओं में मंथन के बाद ही हिलोपा अगली रणनीति बनाएगी।

Related posts