लिंग परीक्षण की सूचना देने पर 24 हजार इनाम

नाहन (सिरमौर)। शिशु लिंग परीक्षण की जानकारी देने वाले को स्वास्थ्य विभाग 24 हजार का नकद पुरस्कार देगा। लिंग परीक्षण को रोकने और इस तरह की क्लीनिकों पर शिकंजा कसने के लिए विभाग ने मुहिम छेड़ी है। जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में लिंग अनुपात को लेकर चरचा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरमोहिंद्र सिंह ने की। उन्होंने बताया कि जिले में लड़काें के मुकाबले लड़कियों का लिंग अनुपात एक हजार के मुकाबले 935 पहुंच गया है। शिलाई खंड में यह अनुपात 989 है। उन्हाेंने कहा कि भ्रूण जांच करना तथा करवाना कानूनन अपराध है। इसमें सजा का प्रावधान है। ऐसे लोगों के खिलाफ विभाग भी सख्ती से पेश आएगा। इस तरह के अल्ट्रासाउंड क्लीनिक को पकड़वाने एवं गर्भ में पल रहे शिशु के लिंग परीक्षण के लिए की गई जांच का मामला बताने वाले को 24 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में 13 अल्ट्रासाउंड क्लीनिक हैं। इनमें से 11 निजी तथा दो सरकारी हैं। प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग की टीम इन क्लीनिकों का निरीक्षण करती है। जिले में इंदिरा गांधी बालिका सुरक्षा योजना को प्रभावी रूप से कार्यान्वित किया जा रहा है। इस योजना में 41 पात्र अभिभावकों में से 36 अभिभावकों को एफ डी दे दी गई है।
चार अभिभावकों को 26 जनवरी को नाहन में होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस के अवसर पर एफडी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ददाहू तथा राजगढ़ के चिकित्सालयों में भी अल्ट्रासाउंड मशीनों को अस्थायी तौर पर चालू कर दिया गया है। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजय शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डा. डीडी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डा. अनुपम चतुर्वेदी, रेखा ठाकुर भी मौजूद रहे।

Related posts