कुठेड़ और होली में डाक देने नहीं आता डाकिया

होली (चंबा)। उपतहसील होली की दो पंचायतों में लोगों की डाक डाकिया नहीं स्थानीय लोगों के हाथों से भेजी जाती है। कई बार लोगों को सब डाकघर में आकर अपनी डाक लेने के लिए आना पड़ता है। दरअसल, होली और कुठेड़ पंचायत में एक वर्ष से कोई डाकिया तैनात नहीं है। इससे समय पर लोगों को डाक नहीं मिल रही है। होली व कुठेड़ पंचायत के सब डाकघर में तैनात कर्मचारी को डेपुटेशन पर चंबा भेजा गया था और करीब एक साल से इस कर्मचारी को वापस नहीं भेजा गया है। इस कारण इन दो पंचायतों में लोगों के हाथों से डाक भेजी जा रही है। इससे लोगों को समय पर डाक नहीं मिल रही है और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीते दिनों कुछ युवाओं को काल लेटर आए थे, जो समय पर उनके पास नहीं पहुंच पाए। लोगों के मनीऑर्डर समय पर नहीं मिलते हैं। डाकघर विभाग के कर्मचारी डाक किसी के हाथ भिजवा देते हैं या लोगों को सब डाकघर से डाक लेने जाने का संदेश लोगों के माध्यम से भेजते हैं। स्थानीय लोगों विनय कुमार, देसराज, अजय, सुमन शर्मा व विनोद कुमार ने डाक विभाग से मांग की है कि होली व कुठेड़ पंचायत में डाकिए की तैनाती की जाए। सब डाकघर होली के पोस्टमास्टर जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि तीन माह के लिए कर्मचारी को डेपुटेशन पर चंबा भेजा गया था।
उधर, डाक अधीक्षक आरएस राणा ने बताया कि बर्फबारी होने के कारण यातायात ठप हो गया था और समय पर होली में डाक नहीं पहुंच पाई। उन्होंने बताया कि संबंधित सब डाकघरों में कर्मचारी सेवाएं दे रहा है।

Related posts