
अपने लोगों में बांटा जा रहा पानी
सोलन। भाजयुमो की तरफ से टैंकरों के माध्यम से शहर में पेयजल सप्लाई पर कांग्रेस पार्षदों ने भी सवाल उठाना शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस पार्षदों ने नगर परिषद कर्मचारी संघ और आईपीएच विभाग के समर्थन उतरते हुए भाजयुमो पर बिना टेस्टिंग के पानी लोगों तक पहुंचाने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस पार्षदों ने पत्रकार वार्ता में भाजयुमो पर आरोप लगाए।
नगर परिषद के पार्षद राजीव ठाकुर ने कहा कि वार्ड में एक लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है। वहीं भाजयुमो कार्यकर्ता 2000 लीटर पानी बांट रहे हैं। वे भी लोग नहीं ले रहे हैं, पानी अपनी पार्टी के ही लोगों को ही बांटा जा रहा है। नप मनोनीत पार्षद विशाल वर्मा ने कहा कि नगर परिषद के टैंकों में 30 लाख गैलन पानी अभी भी पड़ा है। वहीं सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग से रोजाना 13 लाख गैलन पानी पहुंच रहा है। यदि इसी प्रकार पानी आता रहा तो दो दिन में टैंक ओवर फ्लो हो सकते हैं। शहर में तीसरे दिन पानी की सप्लाई शुरू की जा सकती है। भाजयुमो स्टंट के लिए जो पानी बांटने का कार्य कर रही है, तो क्या उन्होंने उस पानी की टेस्टिंग करवाई है। वह जनता की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। पानी बांटने का कार्य केवल अखबार की सुर्खियाें में आने के लिए किया जा रहा है। जब शहर में पानी की जरूरत थी उस समय भाजपा ने टैंकर क्यों नहीं भेजे? भाजयुमो दिल्ली में राहुल गांधी के घर का घेराव कर रहे हैं। यदि घेराव करना ही है तो पूर्व सीएम धूमल के घर का करें, जिन्होंने सोलन के चिल्ड्रन पार्क में अधूरी गिरि सब स्टेशन का उद्घाटन कर दिया था।
कांग्रेसी नेता योगेंद्र सेठी ने कहा कि भाजयुमो ने जिन जगहों पर पानी बांटा है, वे उनकी सूची सार्वजनिक करें, जिससे लोगों को भी पता चले कि भाजयुमो कहां पानी बांट रही है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं तथा यह भाजयुमो का ही षडयंत्र है। इस मौके पर शहरी कांग्रेस अध्यक्ष जतिन साहनी, विवेक ओवराय, मोहन ठाकुर, कपिल भसीन, सुरेंद्र वर्मा और एसपी शर्मा भी मौजूद रहे।
