ड्यूटी में कोताही बरतने पर कर्मचारी निलंबित

धर्मशाला। रेडक्रास सोसायटी के तहत रखे एक कर्मचारी को ड्यूटी में कोताही बरतने पर उपायुक्त सी पालरासु ने निलंबित कर दिया है। कर्मचारी पर आरोप लगे हैं कि उसने ड्यूटी में कोताही बरती है। साथ ही वह अनाधिकृत रूप से अवकाश पर रहा है। आरोप है कि नशा निवारण केंद्र में नशा छुड़ाने आए मरीजों को आपत्तिजनक सामग्री भी सप्लाई की गई है। जांच के दौरान कर्मचारी पर लगे तमाम आरोप सही पाए गए हैं। अब कर्मचारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। कर्मचारी पहले रेडक्रास की एंबुलेंस में चालक पद पर सेवाएं दे रहा था। इसकी रेडक्रास सोसायटी की ओर से शिकायत उपायुक्त को की गई थी। उपायुक्त ने चालक की सेवाएं समाप्त न करके उसे नशा निवारण केंद्र में सेवाएं देने के आदेश किए थे। आरोप है कि इसके बाद नशा निवारण केंद्र में आने वाले मरीजों को इस कर्मचारी ने आपत्तिजनक सामग्री भी वितरित की। इसको लेकर भी शिकायत उपायुक्त के पास पहुंची थी। अब उपायुक्त ने उसे निलंबित कर दिया है। रेडक्रास सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा ने बताया कि कर्मचारी की सेवाएं उपायुक्त ने समाप्त कर दी हैं। कर्मचारी की सेवाएं रेडक्रास सोसायटी के हित में नहीं है।

Related posts