नूरपुर अस्पताल में मिलेगी 24 घंटे टेस्ट सुविधा

नूरपुर (कांगड़ा)। उपमंडल मुख्यालय नूरपुर स्थित सिविल अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब महंगे लैब टेस्ट के लिए निजी क्लीनिकों में जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। अस्पताल में ही रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की दरों पर सस्ते लैब टेस्ट की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा मरीजों को अस्पताल की लैब टाइमिंग के बाद भी मिलेगी। इससे खासकर इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को ब्लड शूगर और ईसीजी करवाने के लिए प्राइवेट लैबों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने दवा कंपनी रेनबैक्सी की एसआरएल लिमिटेड के साथ एमओयू साइन किया है। जिसके चलते मरीजों को अब सरकारी अस्पतालों में राउंड द क्लॉक लैब टेस्ट की सुविधा मिल सकेगी। इस योजना के तहत नूरपुर सिविल अस्पताल सहित प्रदेश के कुल 23 सरकारी अस्पतालों को चिन्हित किया गया है। सौ बिस्तर क्षमता से कम वाले अस्पतालों में कलेक्शन सेंटर खोले जाएंगे। इनमें खुलने वाली लैब में दोपहर से रात्रि और सुबह 9:30 बजे तक लैब टेस्ट की सुविधा मिलेगी। सुबह 9 बजे से 12 बजे तक यह लैब बंद रहेगी। टेस्ट रिपोर्ट दोपहर 2 बजे के बाद मरीजों को मिलनी शुरू होगी। चूंकि, सुबह 9:30 बजे से 12 बजे के दौरान अस्पताल की लैब खुली रहती है, लिहाजा इससे मरीजों को अस्पताल में अब चौबीस घंटे लेब टेस्ट की सुविधा मिल पाएगी। इसमें बायो-केमिस्ट्री, हेमाटोलॉजी और क्लीनिकल पैथालॉजी के टेस्ट होंगे। इस लैब में मरीजों को महंगे लैब टेस्टों की अगले ही दिन ऑनलाइन टेस्ट रिपोर्ट मिल सकेगी। जबकि, प्राइवेट लैब में मरीजों को सैंपल देने के बाद रिपोर्ट के लिए तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ता है। वहीं, एसआरएल लैब के प्रभारी आशीष शर्मा ने कहा कि जल्द ही लैब को चालू कर दिया जाएगा। इसके लिए एक सीनियर लैब तकनीशियन समेत चार लैब तकनीशियन की नियुक्ति की गई है। महंगे टेस्टों की मरीजों को ऑनलाइन रिपोर्टिंग की सुविधा मिलेगी।

Related posts