जेबीटी की प्रमोशन सूची पर बवाल

मंडी। भूतपूर्व सैनिक यूनियन की जाहू में हुई बैठक में जेबीटी की प्रमोशन सूची पर सवाल उठाए गए। बैठक की अध्यक्षता जाहू में यूनियन के अध्यक्ष बीआर शर्मा ने की हुई। इसमें सभी विभागों में कार्यरत भूतपूर्व सैनिकों ने भाग लिया। मंडी जिले के भूतपूर्व सैनिकों ने जेबीटी से एचटी की पदोन्नति में अपने साथ किए जाने वाले सौतेले व्यवहार की निंदा की है।
बीआर शर्मा ने आरोप लगाया कि 2006 से 2008 तक के भूतपूर्व सैनिक जेबीटी जो मंडी जिले से संबंध रखते हैं का एक प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा उपनिदेशक से मिला था। जेबीटी से एचटी के पद पर पदोन्नति के बारे में विस्तार से चर्चा की थी। नतीजतन
शिक्षा उपनिदेशक ने इस वर्ग के साथ अन्याय न होने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद जब 20 दिसंबर को जेबीटी की पदोन्नति की सूची जारी की गई तो भूतपूर्व सैनिकों को दर किनारे कर दिया। यूनियन ने कहा कि पदोन्नति 2008 की वरिष्ठता सूची के आधार पर की है। डीपीसी दिसंबर 2013 में पांच साल केलंबे अंतराल के बाद हो रही है। बीआर शर्मा ने कहा कि क्या विभाग के पास इतना समय नहीं था कि वे पांच साल तक की वरिष्ठता सूची को इस कंप्यूटर के युग में भी अपडेट नहीं कर सके। यदि नहीं किया जा सका तो डीपीसी से पहले यह जरूरी क्यों नहीं समझा गया। उन्होंने कहा कि जब एक ही बैच के भूतपूर्व सैनिक जेबीटी दूसरे जिलों में एक वर्ष से भी ज्यादा समय पहले पदोन्नत हा चुके हैं, जिसका जीता जागता उदाहरण जिला कांगड़ा है। जहां सैनिक जेबीटी ने प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा सांसद प्रतिभा सिंह से अपने हितों की रक्षा और न्याय की आस लगाई है। इस अवसर पर सुख देव, ठाकुर दास, अमृत लाल, लेख राम, कृष्ण कुमार, रतन लाल, बीआर शर्मा, राम नाथ, रमेश चंद सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Related posts