
लैंसडौन। नगर के अलकनंदा शापिंग कांप्लेक्स के पास बांज का हरा पेड़ रातों रात गायब हो गया। पेड़ को जड़ से उखाड़ दिया गया है। जिस जगह पर पेड़ उखाड़ा गया है वहां पर गहरा गड्ढ़ा बना है। रातों रात पेड़ गायब होने की चर्चा शहर में फैल गई। खास बात यह है कि जिस जगह से पेड़ उखाड़ा गया है उससे ठीक 20 मीटर दूरी पर 24 घंटे सेना की चौकसी रहती है।
लैंसडौन में बड़े पैमाने पर बांज जैसी संरक्षित प्रजाति के पेड़ों पर आरियां चलाई जा रही हैं। नगर में भी कुछ ऐसा ही हो रहा है। शुक्रवार शाम पेड़ अपनी जगह मौजूद था। मगर सुबह पेड़ का पता ही नहीं था। जड़ सहित उखाड़े गए इस पेड़ की जगह सुबह करीब छह फीट गहरा गड्ढा बन गया था लेकिन उसे दोपहर तक पत्थरों से ढक दिया गया। किसी ने मामले की शिकायत वन विभाग लैंसडौन को दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने पेड़ काटे जाने की लिखित सूचना छावनी कार्यालय को दी। छावनी प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मामले की सूचना रक्षा संपदा अधिकारी मेरठ को भेज दी गई है। वन क्षेत्राधिकारी डीएस डोगरा ने बताया कि सूचना पर वन दारोगा को मौके पर भेजा गया था। मौका मुआयना करने पर पेड़ कटने की पुष्टि हुई है।
