
पिथौरागढ़। नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू फैलने की जानकारी मिलते ही जिले में पशुपालन विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। पशु चिकित्साधिकारियों को बर्ड फ्लू से बचाव का एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य रूप से धारचूला क्षेत्र में प्रवासी पक्षियों पर नजर रखने को कहा गया। यदि किसी स्थान पर एक साथ कई मुर्गियों की मौत हो तो उसकी जानकारी नियंत्रण कक्ष को देने के लिए कहा गया। मुख्य तकनीकी अधिकारी डा. टीएस खड़ायत ने पशु चिकित्सकों को बताया कि सीमांत क्षेत्रों में जंगली पक्षियों और प्रवासी पक्षियों पर बराबर नजर रखी जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. जीएस धामी ने पशु चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मुर्गी पालकों के यहां लगातार चेकिंग की जाए। उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. पीके जोशी ने बताया कि कुछ पक्षियों का रक्त परीक्षण के लिए भेजा गया है। पशु चिकित्सक डा. लाल सिंह सामंत ने झूलाघाट, मूनाकोट आदि इलाकों में पिछले दिनों चलाए गए जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
