सोलन में पारा जमाव बिंदु के करीब

सोलन। ठंड का प्रकोप ने शहर को पूरी तरह से जकड़ लिया है। सोलन का न्यूनतम पारा जमाव बिंदु तक जा पहुंचा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि 17 दिसंबर को 0.8 डिग्री तक तापमान में गिरावट आ चुकी है। इसके अतिरिक्त अधिकतम तापमान भी 18.5 डिग्री तक गिर गया। बुधवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम में आई गिरावट से शीतलहर का प्रकोप भी काफी बढ़ गया।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अभी बारिश के आसार नहीं है। वहीं आसमान में बादल छाए रहेंगे। लिहाजा लोगों को अभी ओर ठिठुरन के दौर से गुजरना पड़ेगा। क्षेत्र में बारिश के बिना करीब दो माह बीत चुके हैं। बिना बारिश के जहां सूखी ठंड से मौसमी बीमारियों को प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं किसानों के लिए भी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। खेतों में गेहूं सूखने के कगार पर है। जिला सोलन के अधिकांश क्षेत्रों में गेहूं की बिजाई की गई है। रात्रि के समय पाला पड़ने से गेहूं पीली पड़ने लगी है। इसके अतिरिक्त अन्य नगदी फसलों पर भी सूखे की मार पड़ रही है। इस बारे में नौणी पर्यावरण विभाग के अधिकारी पीके बावेजा ने बताया कि पारा लगातार गिरता जा रहा है। वहीं आगामी दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। बारिश के अभी आसार नहीं है।

Related posts