रातभर अंधेरे में डूबीं रहीं पांच पंचायतें

पधर (मंडी)। पधर उपमंडल की पांच पंचायतें उरला, चुक्कू, कधार, गुम्मा और रोपा पधर का कुछ हिस्सा वीरवार रात अंधेरे में डूबा रहा। इस कारण कड़ाके की सर्दी में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली गुल होते ही घटासणी में स्थापित बीएसएनएल के मोबाइल टावर से भी नेटवर्क गायब हो गया। ऐसे में लोगों की परेशानी और बढ़ गई। वीरवार रात को करीब साढे़ आठ बजे कोटरोपी के पास बिजली की तारोें पर पेड़ की टहनियां गिरने से बिजली गुल हो गई। इससे रात के समय में विद्युत बोर्ड का कोई भी कर्मचारी न होने से पांच पंचायतें अंधेरे में डूबी रहीं।
रात भर बिजली गुल रहने से गुस्साए उपभोक्ताओं में विद्युत बोर्ड के प्रति आक्रोश है। किसान सभा ने भी इस मामले में विभाग को कटघरे में खड़ा किया है। किसानसभा का तर्क है कि बोर्ड बैक फीडर से भी कुछेक पंचायतों में बिजली की सप्लाई बहाल कर सकता था लेकिन ऐसे प्रयास नहीं किए गए। ग्रामीण में मनोज कुमार, नवीन कुमार, राजेंद्र कुमार, राज कुमार, दिनेश कुमार, नरेश कुमार, दीप कुमार, उतम सिंह, जगदीश कुमार, हीरा लाल और संजय कुमार ने बताया कि बिजली गुल होते ही बीएसएनएल का मोबाइल नेटवर्क गायब होने से एक दूसरे से संपर्क कर पाना भी असंभव हो गया। सुबह भी लोगों और कर्मचारियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। बारह घंटे बाद सुबह साढ़े आठ बजे रिपेयर कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।

पेड़ की टहनी गिरने से दिक्कत
कोटरोपी के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेड़ काटा था। इसकी टहनियां बिजली की तारों पर गिरने से समस्या पेश आई। रात होने के कारण रिपेयर सवेरे की गई।

Related posts