
धर्मशाला। प्रदेश के धर्मशाला और शिमला शहरों में बढ़ती वाहनों की भीड़ को कम करने के लिए यातायात की वैकल्पिक संभावनाएं तलाशी जाएंगी। शहरी विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने इस उद्देश्य के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न शहरों में बढ़ती वाहनों की संख्या के दृष्टिगत वैकल्पिक यातायात की संभावनाओं को तलाशने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बैठक में अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी लिमिटेड की ओर से मेट्रो केबल तथा मोनो रेल जैसे वैकल्पिक साधन उपलब्ध करवाने के बारे में अपनी प्रस्तुतियां दीं। शर्मा ने कहा कि सड़कों पर गाड़ियों की भीड़ को कम करने और लोगों को यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए धर्मशाला तथा शिमला शहरों में मेट्रो केबल, मोनो रेल तथा हंडोला जैसे वैकल्पिक साधन उपलब्ध करवाने की संभावनाएं को तलाशने के लिए आगामी 27 दिसंबर को शिमला में परामर्शदाताओं के साथ बैठक की जाएगी। इस बैठक में मुख्य सचिव पी मित्रा, सचिव नगर नियोजन एवं शहरी विकास सुभाशीष पांडा, निदेशक नगर नियोजन एवं शहरी विकास मीरा मोहंती, आयुक्त नगर निगम शिमला अमरजीत सिंह, प्रबंध निदेशक अधोसंरचना विकास बोर्ड भी मौजूद रहे।
