लिपिकों के 7 हजार पद भरने की मांग

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ अपने वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालकृष्ण कपूर की अध्यक्षता में शुक्रवार को धर्मशाला में सीपीएस जगजीवन पाल से मिला और अपनी मांगों से अवगत करवाया। सीएम की गैर मौजूदगी में महासंघ ने पाल से मिलकर अपनी समस्याएं रखीं। वहीं जगजीवन पाल ने भी मुख्यमंत्री को उनकी मांगों के बारे में अवगत करवाने का आश्वासन दिया। महासंघ ने धर्मशाला स्थित उपनिदेशक कार्यालय में जगजीवन पाल व शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. दिनकर बुराथॉकी व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक की। जिसमें विस्तार से अपनी मांगों व समस्याओं को रखा। महासंघ ने प्रदेश में लिपिकों के सात हजार रिक्त चल रहे पदों को भरने की मांग की। इसके अलावा अधीक्षक ग्रेड-1 के 34 पद जल्द सृजित करने, प्रदेश में ग्रेड-1 के 117 पदों को बहाल करने, प्रशासनिक अधिकारी का एक पद तथा स्थापना अधिकारी के आठ पदों को भी जल्द सृजित करने की मांग की गई। सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में कंप्यूटरों की व्यवस्था की जाए, साथ ही स्कूलों में अधीक्षक, वरिष्ठ सहायक और लिपिक के पदों को सृजित किया जाए। सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में गैर शिक्षक वर्ग के इन तीन पदों को भरना अनिवार्य किया जाए। साथ ही संघ ने बीते दो साल से ग्रेड-1 की पदोन्नति पर लगी रोक को भी हटाने की मांग की। बालकृष्ण कपूर व जिला अध्यक्ष दिनेश ने कहा कि बीते दो साल से इन पदों के लिए पदोन्नति नहीं दी जा रही है। मौजूदा समय में ग्रेड-1 के 40 पद स्वीकृत हैं। जिनमें से महज 34 ही सृजित हैं।

Related posts