
सितारगंज। कैंटर से ओवरटेक करते समय दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इससे जहां दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए, वहीं बोनट में आग लगने से हड़कंप मच गया। दो ट्रकों में सवार करीब 7 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। घायलों में पांच को सीएचसी लाया गया। गांव के युवाओं ने साहस का परिचय देते हुए बोनट की आग पर काबू पाया और घायलों को तत्काल बाहर निकाला।
मंगलवार की दोपहर करीब 2 बजे सिसैया गांव में नेशनल हाईवे पर कैंटर से ओवरटेक करते वक्त केमिकल के डिब्बों से भरा ट्रक संख्या- एचआर37ए- 7983 विपरीत दिशा से आ रहे बजरी से भरे ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के केबिनों के परखच्चे उड़ गए और बोनट में आग लग गई। आसपास के लोगों ने दोनों ट्रकों में फंसे सात लोगों को भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस व 108 सेवा ने ग्रामीणों की मदद से घायल ट्रक के हेल्पर सिरौली किच्छा निवासी सलीम अहमद (25) पुत्र रफीक अहमद, इसी गांव के नईम (20) पुत्र गुलशेर, खेमपुर नानकमत्ता निवासी रामकुमार (25) पुत्र नैन सिंह, शहर के वार्ड संख्या नौ निवासी प्रेमबाबू (48) पुत्र हुलासी राम, मिलक रामपुर निवासी सुखवीर (35) पुत्र श्रीराम को सीएचसी में दाखिल कराया। चिकित्साधिकारी डा. हर्ष सिंह ऐरी ने प्रेम बाबू, सुखवीर और सलीम हालत नाजुक देख उन्हें हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि दो अन्य घायलों को किच्छा ले जाया गया है। एसएसआई आरसी मखोलिया ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
