
उत्तरकाशी। गो, गंगा एवं हिमालय संरक्षण के लिए कथा प्रवचन के माध्यम से अलख जगाने में जुटे संत गोपालमणि महाराज ने एक बार फिर दिल्ली कूच की तैयार की है। गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग पर उन्होंने 23 फरवरी 2014 को दिल्ली में हुंकार रैली का आह्वान किया है। वर्ष 2008 में भी वे इन्हीं मुद्दों के साथ गंगोत्री से दिल्ली तक की पदयात्रा कर चुके हैं।
नगर पालिका सभागार में हुई भारतीय गो क्रांति मंच की बैठक में संत गोपालमणि ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति का आधार है। गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देकर सरकार को इसके संरक्षण की पहल करनी चाहिए। गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग पर 23 फरवरी को देश के विभिन्न राज्यों से करीब एक लाख श्रद्धालु दिल्ली पहुंचेंगे। मंच के मीडिया प्रभारी प्रताप रावत ने बताया कि 23 फरवरी को रामलीला मैदान दिल्ली में एकत्र होकर जंतर मंतर तक हुंकार रैली निकाली जाएगी। वहां सांकेतिक धरने के साथ राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष जयेंद्री राणा, मंच के सचिव रजिंदर सिंह, शांति भाई मानसप्रेमी, डा. राधेश्याम खंडूड़ी, शिव प्रसाद सेमवाल, गोपाल रावत और समरवीर पंवार आदि मौजूद थे।
