लग्जरी बसों में सुविधाओं के नाम पर धोखा

धर्मशाला। स्थान : धर्मशाला बस स्टैंड। समय शाम 4:30 बजे। सरकारी टाटा एसी बस एचपी 63-2785 में अमर उजाला की टीम चढ़ती है। अंदर एंट्री के साथ मोबाइल चार्जिंग के लिए लगे स्विच खराब थे। इसके बाद सीट पर बैठे तो पानी की बोतल रखने के लिए बने रबड़ कैरियर गायब मिले। बस सीटें बेहद मैली और खराब स्थिति में थीं। सात नंबर सीट पर बैठे धर्मशाला निवासी अरविंद सीटों की खस्ता हालत की ओर इशारा करने लगे।
इसके बाद यात्री देविंद्र सिंह अपनी सीट ढूंढते हुए अंदर आए। मैली सीटें देखकर अपनी भड़ास निकालने लग पड़े। इसके बाद अन्य यात्री रमेश कुमार, दिलीप सिंह और सरिता टाटा एसी बस की दयनीय हालत पर खीझने लगे। इसके बाद रात करीब नौ बजे यात्री अरविंद से अमर उजाला टीम ने फोन पर संपर्क साधा तो उन्होंने बताया कि बस का एसी तो ठंडी हवा दे रहा है। इसका ब्लोअर खराब है। इसकी सभी यात्रियों ने आरएम धर्मशाला से शिकायत भी कर दी है। स्थान: धर्मशाला बस स्टैंड। समय शाम 6:45 बजे। कई यात्री धर्मशाला-दिल्ली रूट के लिए डीलक्स बस का इंतजार कर रहे हैं। शाम 7:10 मिनट हो गए… बस नहीं आई। यात्रियों ने पूछताछ काउंटर में बस की जानकारी ली। वहां से बताया गया कि बस कोतवाली में जाम में फंसी है। 7:30 तक बस नहीं आई। 7:38 बजे करीब पौना घंटा देरी से डीलक्स बस एचपी 73-1099 पहुंच गई। इससे यात्रियों को असुविधा हुई। टाटा एसी बस का धर्मशाला से दिल्ली तक का किराया 810 रुपये है। डीलक्स में धर्मशाला से दिल्ली तक का किराया 762 है। लेकिन, लग्जरी बस में सुविधाओं के नाम पर यात्रियों को कुछ नहीं मिल रहा है।
ऐसी बसों का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
परिवहन मंत्री जीएस बाली
लांग रूटों पर अगर लग्जरी बसों में यात्रियों को कोई असुविधा पेश आ रही है तो इसकी जांच
करवाई जाएगी।

Related posts