मंडी शहर में बिजली पर खर्च होंगे 19 करोड़

मंडी। आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने अधिकारियों का आह्वान किया कि वे सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को लागू करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें। वह शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय मंडी में जिलाधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
विभागीय कार्योें की समीक्षा करते हुए प्रकाश चौधरी ने कहा कि पेयजल योजनाओं के तहत जिला मंडी में सुंदरनगर वृत्त के तहत 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि विद्युत विभाग द्वारा मंडी शहर में 19 करोड़ 34 लाख रुपये विभिन्न कार्यों पर व्यय किए जा रहे हैं। कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में 26 योजनाएं चलाई गई हैं तथा जिला मंडी में विभिन्न पेंशन योजनाओं पर 22 करोड़ रुपये इस वर्ष खर्च करके 56128 लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने ऊना-जाहू-कलखर सुपर हाईवे को कलखर से नेरचौक तक जोड़ने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि जिले में 224 वरिष्ठ माध्यमिक, 111 उच्च, 374 माध्यमिक तथा 1699 प्राथमिक स्कूलों के माध्यम से बच्चों को उचित शिक्षा प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले, इसके लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों का पार्टी हित व क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर एक समान विकास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों का आह्वान किया कि वे जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कम वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान करें ताकि लोगों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की स्थिति खराब है, उनकी मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करें तथा निर्माणाधीन योजनाओं को भी शीघ्र पूरा करें।
चौधरी ने कहा कि पेयजल की समस्या का भी स्थाई समाधान करें तथा कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले यह भी सुनिश्चित करें। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सहायक आयुक्त डीआर धीमान ने आबकारी एवं कराधान मंत्री का विभागीय अधिकारियों की बैठक में आने पर धन्यवाद किया तथा कहा कि उनके द्वारा बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा सभी विभाग उनका पालन करेंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरएस नेगी, पुलिस अधीक्षक सतर्कता वीरेंद्र शर्मा, भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रोवेशन अधिकारी रूगवेद ठाकुर सहित समस्त विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

Related posts