48 घंटे से कोटखाई में बिजली गुल

कोटखाई (शिमला)। तहसील मुख्यालय कोटखाई और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 48 घंटे से बिजली गुल है। बुधवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल न होने के कारण क्षेत्र में लोगों के कोई भी काम नहीं हो पाए। वहीं स्वास्थ्य सेवाएं भी बिजली न होने से प्रभावित रही। बिजली न होने से लोगों को किसी भी प्रकार के कोई टेस्ट नहीं हो पाए।
उल्लेखनीय है कि बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से क्षेत्र में पिछले 48 घंटों से बिजली की आपूर्ति पूर्ण रूप से ठप है जिससे नगर पंचायत कोटखाई, ग्राप पंचायत पांदली, गरावग, थरोल, दरकोटी के दर्जनों गांव पिछले 48 घंटे से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। वहीं ठंड के मौसम ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
पंचायत प्रधान मोहन चौहान, उप प्रधान दलीप चौहान, सुनील शर्मा, विजय, रविंद्र डोगरा, शेर सिंह ठाकुर, नीरज ठाकुर का कहना है कि बिजली न होने से सर्दी के मौसम में समय काटना मुश्किल हो गया है। बिजली बोर्ड की लापरवाही के चलते आए दिन क्षेत्र के लोगों को इस प्रकार की परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है क्योंकि इसके अलावा भी क्षेत्र में आए दिन तीन से चार घंटे के बिजली के अघोषित कट लगाना आम बात है। लोगों ने प्रदेश सरकार और बिजली बोर्ड से मांग की है कि बिजली की लाइनों को दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को सर्दी के मौसम में परेशानियों से दो चार न होना पड़े।
इधर, इस बारे में बिजली बोर्ड के एसडीओ विशाल सग्रवाल का कहना है कि लाइनों को ठीक करने का काम जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Related posts