
रुद्रपुर। रुद्रपुर दंगा मामले में फरार चल रहे भाजपा विधायक की शंखनाद रैली में मौजूदगी की आशंका को देखते हुए पुलिस की एक टीम देहरादून में डेरा डाले हुए है। रुद्रपुर में दो अक्टूबर 2011 को हुए दंगे में चार लोगों की मौत के साथ ही करोड़ों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने चार दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, आगजनी, लूट जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही कई लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर भी मुकदमे दर्ज हुए थे। बाद में रुद्रपुर दंगे की जांच शासन ने सीबीसीआईडी को सौंप दी। सीबीसीआईडी जांच में भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल, विरमा कोली, गजेंद्र मिस्त्री, नत्थूलाल गुप्ता, पंकज कालरा, सलीम और गुड्डू वेग के खिलाफ वारंट जारी किया था। इस मामले में अधिकांश की गिरफ्तारी हो चुकी है। जबकि भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल फरार चल रहे हैं। इधर कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने बताया कि फरार विधायक की तलाश जारी है। बताया कि देहरादून में रविवार को आयोजित भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की शंखनाद रैली में विधायक ठुकराल की मौजूदगी की आशंका के चलते पुलिस की एक टीम देहरादून में डेरा डाले हुए है।
