मोदी विजन’ की थाह लेने उमड़े यूथ

राजधानी देहरादून में मोदी की रैली में बड़ी तादाद में युवा मोदी की छवि और तीखे तेवरों की झलक पाने और उनके ‘विजन’ की थाह लेने पहुंचे थे।

मोदी ने अपने संबोधन में युवाओं को लुभाने वाले कई ऐसे मुद्दे उठाए जिसकी आस लेकर वे आए थे। रोजगार की सीमित संभावनाओं के बीच रोजगार के बेहतर विकल्प सुझाने में मोदी ने कोई कसर नहीं छोड़ी।

देखने के बजाय सुनने की इच्छा
पार्टी कार्यकर्ताओं में जहां मोदी के मंच के� पास पहुंचे की होड़ थी वहीं कई कालेज स्टूडेंट और यंग प्रोफेशनल के ग्रुप रैली मैदान के बाहर खड़े थे। इन्हें मोदी को करीब से देखने के बजाय सुनने की इच्छा दिखी।

एक मोबाइल कंपनी में कार्यरत एग्जीक्यूटिव के समूह ने बताया कि वह मोदी का विजन जानने के लिए आए हैं। टीवी और अखबार में पूरी बात दिखाई नहीं जाती ऐसे में रविवार होने के कारण वह खुद रैली स्थल तक पहुंचे हैं। युवाओं के भावनाओं को उकेरने में मोदी ने कोई कसर नहीं छोड़ी।

रोजगार के मुद्दे पर गुजरात में एक पायलट प्रोजेक्ट का जिक्र मोदी ने किया। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य उस युवा वर्ग के लिए है जो नौकरी करने के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं।

मोदी ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के तहत अगर कामगार वर्ष भर के निर्धारित लक्ष्य को ओवरटाइम कर 6 माह में पूरा करता है तो बाकी के 6 माह छुट्टियां दी जाएं।

छुट्टियों के दौरान वह घर लौटकर अपने परिवार और कृषि संबंधी कार्य कर अन्य जरूरतों में भागीदारी दे सकता है। युवाओं के लिए मोदी ने टूरिज्म, मेडिसनल प्लांट, उद्योग, सेना में अफसर बनने जैसी संभावनाओं को रखा।

मोदी के वीडियो को मिलते हैं खूब हिट
मोदी का हेलीकाप्टर पहुंचते ही युवाओं ने अपनी मोबाइल फोन निकाल लिये। युवाओं का कहना था कि वह फोटो और वीडियो वाट्स अप पर अपने फ्रेंड को सेंड करेंगे। युवाओं का कहना था कि नरेंद्र मोदी के वीडियो को यू ट्यूब पर भी खूब हिट्स मिलती हैं।

फेल हो गई लाइव स्क्रीनिंग
हाईटेक प्रसारण करने के लिए भाजपा ने ग्राउंड में बड़ी स्क्रीन लगा रखी थी, लेकिन लाइव भाषण के लिए लगी स्क्रीन ठीक ढंग से काम नहीं कर रही थी। ग्राउंड में लगी स्क्रीन कुछ देर चली उसके बाद बंद हो गई।

भाषण के प्रसारण के लिए ऑडियो उपकरण का भी बंदोबस्त ठीक नहीं रहा। सड़क पर हजारों की तादात में पहुंची भीड़ को दोहरी आवाज सुनाई देती रही, जिसके चलते कई लोग रैली स्थल से निकल भी गए।

Related posts