
धर्मशाला। सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के आह्वान पर धर्मशाला में सैकड़ों लोगों ने रन फॉर यूनिटी में भाग लिया। कोतवाली बाजार स्थित संगम पार्क में भाजपा समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग जुटे। स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माण के लिए लोगों ने बढ़-चढ़कर दौड़ में भाग लिया। दौड़ को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद शांता कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शांता ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को नहीं भूला जा सकता। पटेल ने देश की 562 रियासतों को एकजुट कर एकसूत्र में पिरोया। जबकि इकलौती रियासत जिसे उन्होंने नहीं देखा, उसका मामला आज भी लटका हुआ है। आजादी के बाद की गई गलती के चलते ही कश्मीर आज भी देश के लिए नासूर बना हुआ है। चार साल बाद यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाएगा। गुजरात में नर्मदा नदी के किनारे पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा बनाई जाएगी। जिसके लिए देश के सात लाख गांवों से लोहा और मिट्टी एकत्र की जाएगी। स्टेच्यू के लिए गठित एकता ट्रस्ट के प्रदेश संयोजक प्रवीण शर्मा ने कहा कि इसके तहत ढाई हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। स्कूलों में सरदार पटेल से संबंधित प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी और विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, रन फॉर यूनिटी में जुटे लोगों के हस्ताक्षर स्कैन होंगे, जिन्हें गुजरात में निर्मित संग्रहालय में सहेज कर रखा जाएगा।
इस मौके पर देहरा के विधायक रविंद्र सिंह रवि, शाहपुर की विधायक सरवीण चौधरी, पूर्व विधायक व मंत्री किशन कपूर और रमेश ध्वाला, विपिन सिंह परमार, कृपाल परमार, संजय चौधरी, विनय शर्मा, हिंदवीर कोहली, राकेश शर्मा समेत विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। इस दौड़ में छात्र संगठन से लेकर समाजसेवी संस्थाओं के लोग भी जुटे।
