नेपाल सीमा पर हुई संयुक्त कांबिंग

पिथौरागढ़। पुलिस की स्पेशल आपरेशन टास्क फोर्स (एसओटीएफ) और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से जौलजीबी से आगे नेपाल सीमा पर शनिवार को कांबिंग की। कांबिंग के दौरान कोई आपत्तिजनक गतिविधि तो पकड़ में नहीं आई लेकिन गांव के लोगों को इस बात के लिए सतर्क किया गया कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या तस्कर के बारे में तत्काल सूचना दें।
जौलजीबी के थाना प्रभारी जीएस साह के नेतृत्व में टीम ने बलधार, किमखोला, ढुंगातोली, जौलजीबी, खेड़ा तक कांबिंग की। इन दिनों महाकाली का जल स्तर कम हो गया है। ऐसे में नदी के रास्ते तस्करों के आने की संभावना बनी रहती है। इसके अलावा अब नेपाल में भांग की फसल तैयार हो चुकी है। चरस तस्करों के आने की संभावना भी इस सीजन में बढ़ जाती है। नेपाल की ओर से अक्सर वन्य जीव तस्करी के मामले सामने आते रहते हैं। इसके लिए भी लोगों सजग किया गया।
एसओटीएफ के प्रभारी संतोष भट्ट ने बताया कि कांबिंग के दौरान कोई गलत गतिविधि पकड़ में नहीं आई। अगले सप्ताह दूसरे इलाकों में फिर से कांबिंग होगी। कांबिंग में राजेंद्र फर्त्याल, खीम सिंह अधिकारी, अनुज कुमार, वन विभाग के दयाधर भट्ट, शेर गिरी, नवीन टम्टा आदि थे। एसओटीएफ ने कांबिंग से संबंधित रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेज दी है।

Related posts