तहसीलदार को बैरंग लौटाया

घनसाली (टिहरी)। घुत्तू लघु जल विद्युत परियोजना प्रबंधन के खिलाफ प्रभावित ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों को मनाने गए तहसीलदार को बैरंग लौटाते हुए ग्रामीणों ने कंपनी के प्रबंधक और डीएम को मौके पर बुलाकर मांगों का समाधान करने की मंाग की।
घुत्तू में भिलंगना नदी पर 24.5 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना का निर्माण शुरू करने से पहले कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों को रोजगार देने, सिंचाई और घाट के लिए पर्याप्त पानी छोड़ने, सिंचाई नहरों का निर्माण करने आदि का आश्वासन दिया था, लेकिन परियोजना बनने के तीन साल बाद भी कोई मांग पूरी नहीं की गई है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ राजस्व पटवारी चौकी घुत्तू में बेमियादी धरना शुरू किया है। शनिवार को वार्ता करने पहुंचे तहसीलदार एमएल आर्य को आक्रोशित ग्रामीणों ने बैरंग लौटा दिया। उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मियों के साथ कई दौर की वार्ता के बाद भी मांगों पर अमल नहीं हो पाया है। ऐसे में जब तक कंपनी प्रबंधक और जिलाधिकारी मौके पर आकर समस्याएं हल नहीं करते हैं, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। शनिवार को प्रभावित सुंदर सिंह कंडारी, भरत गुर्साइं, मदन सिंह, विनोद तिवारी, राम प्रसाद, गैणा नंद जलम सिंह, पूरण लाल, अव्वल सिंह और केदार सिंह आदि ने धरना दिया।

Related posts