
शिमला। मनाली सहित प्रदेश के चार शहरों का तापमान माइनस में पहुंच गया है। इसके अलावा सुंदरनगर, ऊना, नाहन, सोलन, चंबा और हमीरपुर का न्यूनतम तापमान भी 5 डिग्री से नीचे चला गया है। सबसे अधिक केलांग का न्यूनतम तापमान -6.6 रिकॉर्ड किया गया है। मनाली का पारा -1.0, कल्पा का -0.6 और भुंतर का न्यूनतम तापमान -0.2 पहुंच गया है। इसके अलावा राजधानी शिमला का तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 1.1, धर्मशाला का 6.8, ऊना का 2.8, नाहन का 4.9, पालमपुर का 5.7, डलहौजी का 10.3, सोलन का 1.4, चंबा का 1.1, कांगड़ा का 5.2, बिलासपुर का 5.8 और हमीरपुर का 2.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के शिमला केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि 20 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा।
बॉक्स:
25 दिसंबर तक बर्फबारी नहीं
बेशक मौमस में ठंडक बढ़ती जा रही है, लेकिन 25 दिसंबर को बर्फबारी के आसार कम ही हैं। मौसम विभाग की मानें तो इस बार व्हाइट क्रिसमस की संभावना बहुत कम है।
बिना पंजीकरण रोहतांग न लांघें
चालकों से चेक पोस्टों में पंजीकरण कराने के निर्देश
दिसंबर माह में भी जारी है वाहनों की आवाजाही
सुबह-शाम बर्फ जमने से हादसों की आशंका बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
कोकसर (लाहौल-स्पीति)। रोहतांग में इन दिनों न्यूनतम पारा -6.6 तक पहुंच गया है। शुष्क मौसम के चलते पारा निरंतर लुढ़कता जा रहा है। हालांकि इस बार दिसंबर माह में भी वाहनों की आवाजाही जारी है। परिवहन निगम की एक बस भी सेवाएं दे रही हैं। सुबह शाम बर्फ जमने के चलते जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वाहन चालकों को मढ़ी और कोकसर में पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में रेस्क्यू टीम बचाव कार्यों को अंजाम दे सके। हालांकि जिला प्रशासन ने नवंबर अंत में आधिकारिक रूप से रोहतांग दर्रे को बंद कर दिया है, लेकिन बीआरओ अभी वाहनों की आवाजाही करवा रहा है।
कोकसर में तैनात रेस्क्यू टीम के प्रभारी लुदर चंद ने वाहन चालकों से आग्रह किया है कि कोकसर और मढ़ी से सुबह 10 बजे के बाद ही रोहतांग दर्रा आर-पार करें। उन्होंने वाहन चालकों को रात के समय सफर न करने की हिदायत दी है। उन्होंने बताया कि रोहतांग समेत मढ़ी और कोकसर के आस-पास न्यूनतम तापमान शून्य से करीब 7 डिग्री नीचे लुढ़क गया है। इस कारण सड़कों पर पानी जमने से सफर खतरनाक हो सकता है। आरएम एचआरटीसी केलांग गोपाल ने बताया कि मौसम साफ रहने के कारण निगम की एक बस रूटीन में यात्रियों को सेवा दे रही है। उन्हाेंने उम्मीद जताई है कि रोहतांग में बर्फबारी होने तक निगम की बस सेवा जारी रहेगी। डीसी लाहौल-स्पीति वीर सिंह ठाकुर ने सभी वाहन चालकों को हिदायत जारी की कि दोनों चेक पोस्टों पर पंजीकरण करवा कर ही रोहतांग दर्रा आर-पार करें।
