कौशल विकास भत्ते पर होगा हंगामा

धर्मशाला। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू किए गए कौशल विकास भत्ते को लेकर तपोवन में गरमाहट आएगी। अब तक कितनों को भत्ता दिया गया और किन संस्थानों के माध्यम से दिया गया, कुछ ऐसे ही प्रश्न उठाए जाएंगे। रोजगार कार्यालय को इन सवालों के जवाब देने के लिए प्रश्नावली पहुंची है।
प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा में कौशल विकास भत्ते के लाभार्थियों का आंकड़ा अभी 5500 तक पहुंचा है। प्रदेश में लाखों बेरोजगार होने के बावजूद हजारों को ही कौशल विकास भत्ते का लाभ मिल पाया है। जबकि, प्रदेश सरकार इस योजना को पंख लगाने को एक साल से जुटी हुई है। ऐसे में विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष को घेरा जा सकता है। विपक्ष शुरू से ही इस योजना को बेरोजगारों के साथ छल बताता रहा है। इसकी शर्तों पर भी सवाल उठाए गए हैं। अब यह मुद्दा सदन में भी गूंजेगा।
तपोवन स्थित विधानसभा भवन में 16 से 21 दिसंबर तक शीतकालीन सत्र चलेगा। जिसमें विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर सदन में चर्चा होनी है। वहीं, रोजगार विभाग के अधिकारी व कर्मचारी विधानसभा में उठने वाले इन प्रश्नों की तैयारियों में जुटे हुए हैं। शनिवार को अवकाश के दिन भी कार्य चलता रहा, वहीं सदन में उठने वाले प्रश्नों के जवाब बनाने की तैयारियों में अधिकारी और कर्मचारी देर शाम व रात तक कार्यालयों में ही जुटे रहे। वहीं, रोजगार अधिकारी जेएस पटियाल का कहना है कि विस सत्र को लेकर प्रश्न आए हैं, जिनकी तैयारियों के लिए विभाग पूरी तरह से जुटा हुआ है।

Related posts