
काजा (लाहौल स्पीति)। 17 जनवरी को हुई भारी बर्फ बारी के बाद शेष विश्व से कटे लाहौल स्पीति के लिए छोटे वाहनों के लिए यातायात सेवा बहाल कर दी गई है। कुछ एक ग्रामीण रूटों को भी शुक्रवार देर शाम तक छोटे वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
17 और 18 जनवरी को हुई भारी बर्फबारी के चलते किन्नौर के साथ लाहौल स्पीति शेष विश्व से पूर्ण रूप से कट चुका था। इस दौरान किन्नौर, रिकांगपिओ, टापरी और रामपुर में भी काजा के करीब 80 लोग फंसे थे, जिन्हें बाद में हेलिकाप्टर की मदद से स्पीति पहुंचाया गया था। लेकिन, उसके बाद भी पूरा लाहौल स्पीति सड़क बंद होने के कारण बंद था। जबकि, क्षेत्र के सभी ग्रामीण रूट भी पूर्ण रूप से बंद हो चुके थे। शुक्रवार को प्राप्त सूचना के अनुसार रिकांगपिओ से काजा के लिए सड़क छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई है। ग्रामीण रूटों में किबर, लालूंग, माने, लांगचा और डंखर लिंक मार्ग छोटे वाहनों के लिए खोल दिए गए हैं। इधर, एडीमएम लाहौल स्पीति के एडीएम हिमेस नेगी ने बताया कि रिकांगपिओं से काजा के लिए छोटे वाहनों के लिए मार्ग बहाल हो गया है। जबकि, काजा के कुछ लिंक मार्ग भी बहाल कर दिए गए हैं।
