
नरेंद्र मोदी की रैली की सुरक्षा को लेकर दून पुलिस चौकन्नी तो है लेकिन उसे इसमें किसी तरह की चूक की शंका भी सता रही है। इसकी झलक शुक्रवार की शाम पुलिस लाइन में ब्रीफिंग के दौरान दिखी।
इस दौरान अफसरान मातहतों को पल-पल मुस्तैदी का पाठ पढ़ाते रहे और हवाला देते रहे पटना धमाकों का। उनका लाइन आफ एक्शन था तो सिर्फ रैली की सुरक्षा का एक्शन प्लान।
हर पुलिसकर्मी के पास ड्यूटी पास
ब्रीफिंग के दौरान डीजीपी बीएस सिद्घू की हिदायत थी कि पुलिसकर्मी समय पर ड्यूटी पर पहुंच जाएं और चार्ट के मुताबिक मोर्चा संभाल लें। हर पुलिसकर्मी के पास ड्यूटी पास होगा। इस दौरान किसी को भी बिना चेकिंग रैली स्थल पर न जाने दिया जाए।
एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि रैली के लिए पुलिसकर्मियों को अलग से लैमिनेटेड कार्ड दिए गए हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी चार्ट के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
संदिग्धों पर पैनी निगाह
एसएसपी ने हिदायत दी कि संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाए। ब्रीफिंग में गुजरात पुलिस के अधिकारी, खुफिया एजंसियों से जुड़े अफसर और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
पुलिस अधिकारियों ने मोदी की रैली के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा पर आगाह किया है। अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी है कि इस रैली को सामान्य जनसभाओं की तरह न लें।
शुक्रवार शाम पुलिस लाइन में आहुत ब्रीफिंग में अधिकारी बार-बार पुलिसकर्मियों से पटना रैली में हुए विस्फोट और लगातार मिल रहे अलर्ट का जिक्र करते हुए संदिग्धों पर पैनी निगाह रखने को कहते रहे।
