76 पंचायतों में पावर कट, लोग परेशान

नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर जिले के पच्छाद एवं रेणुका विस क्षेत्र में अघोषित पावर कट से 76 पंचायतों के हजारों ग्रामीण बेहाल हैं। यह सिलसिला पिछले करीब दो सप्ताह से जारी है।
ठिठुरन भरी सर्दी के मौसम में बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलते ही कट लगने शुरु हो जाते हैं। शाम को छह बजे के बाद राजगढ़ की 36, रेणुका क्षेत्र की 40 पंचायतों व शिमला जिले की कुपवी क्षेत्र की 18 पंचायतों में अंधेरा पसर जाता है। पावर कटों का सबसे अधिक खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। पांच से आठवीं कक्षाओं की वार्षिक परिक्षाएं चल रही हैं, वही दूसरी और सुबह व शाम को लगने वाले कट के कारण अन्य कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। रात को नौ बजे के बाद जब बिजली आती है, तो अधिकतर बच्चे सो जाते हैं। बिजली विभाग प्रत्येक दिन पांच से छह घंटे का पावर कट लगा रहा है। ग्रामीण आशाराम शर्मा, शुपाराम, किरपा राम, जयचंद, सुरेंद्र चौहान आदि ने कहा कि आठ व नौ बजे के बीच लगने वाले पावर कट नहीं लगाने चाहिए। लोगों का तर्क है कि आठ बजे के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में लोग खाना बनाने व खाने का कार्य शुरू करते हैं।
बाक्स…
40 फीसदी की कटौती
राजगढ़ व चाढ़ना 33 केवी सब-स्टेशनों को सोलन से मिलने वाली बिजली की सप्लाई में लगभग 40 फीसदी की कटौती की जा रही है। इन दोनों सब-स्टेशनों में बिजली की कुल खपत 14 एमवी है, जबकि इन्हें सोलन से मात्र नौ एमवी बिजली मिल रही है। ऐसे में विद्युत विभाग के पास पावर कट लगाने के सिवाए और कोई भी विकल्प नहीं है।

खपत बढ़ने से ओवरलोड :उप्रेती
विद्युत मंडल राजगढ़ के अधिशाषी अभियंता एमके उप्रेती ने बताया कि सर्दी के मौसम में बिजली की खपत अधिक होती है। इससे ओवरलोडिंग की समस्या पैदा हो रही है। सोलन से ही रही सप्लाई में कटौती की जा रही है। कुछ समय के लिए सभी क्षेत्रों में पावर कट लगाए जा रहे हैं।

Related posts