स्मार्ट पुलिस को गच्चा दे रहे चोर उच्चके

शिमला। शिमला शहर की स्मार्ट पुलिस महिलाओं के खिलाफ होने वाली आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगा पाने में फिसड्डी साबित हो रही है। आज तक शिमला पुलिस किसी भी झपटमार को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। बदमाश एक के बाद एक वारदात कर रहे हैं और स्मार्ट पुलिस हर बार की तरह जांच चल रही है का जुमला बोलकर जिम्मेदारी का निर्वाह कर रही है। सबसे ज्यादा मामले थाना बालूगंज और थाना सदर के तहत हुए हैं। इन थानों की जिम्मेदारी एक महिला आईपीएस अफसर को दे रखी है लेकिन यहां कोई भी छीनाझपटी का मुकदमा अब तक हल नहीं हो पाया है।

थाना बालूगंज (अनसुलझे मामले)
केस एक
कृषि विभाग में कार्यरत एक महिला कर्मचारी बुधवार शाम पांच बजे कार्यालय में छुट्टी होने के बाद घर जा रही थी। कार्यालय से बाहर निकल कर बालूगंज की ओर सीढ़ियां चढ़ रही थीं। इस दौरान एक बदमाश ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीना और फरार हो गया। इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जा रही है। पुलिस का दावा है संदिग्धों से पूछताछ चल रही है।

केस दो
टुटू के पास हुए छीनाझपटी के मामले को भी पुलिस सुलझा नहीं पाई है। घटना वाले दिन युवती टुटू से ढांडा की ओर जा रही थी। शाम करीब साढ़े छह बजे टुटू से कुछ दूर आगे एक बदमाश ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। मामला सामने आने के बाद एक दो दिन तक पुलिस बदमाश को खोजती रही। बाद में मामला ठंडे बस्ते में चल गया।

केस तीन
तीसरा मामला घोड़ा चौकी का है। यहां एक महिला बच्चे को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी। बदमाश ने दोपहर करीब साढ़े बारह बजे महिला पर हमला किया और उसके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। महिला ने बदमाश का मुकाबला किया। चेन छोड़ी नहीं इसके दो टुकड़े हो गए एक बदमाश ले गया दूसरा हिस्सा महिला के हाथ में रह गया। इस मामले में भी बालूगंज पुलिस लकीर पीटती रह गई।

केस चार
बाईपास क्रासिंग में एक नवविवाहिता अपनी बहन के साथ पैदल जा रही थी। इसी बीच पीछे से एक बदमाश आया और सोने की चेन गले से छीनकर फरार हो गया। बालूगंज पुलिस ने बदमाश की तलाश की लेकिन बाद में और मामलों की तरह यह मामला भी दब कर रह गया।

थाना सदर ( अनसुलझे मामले)

केस एक
डीडीयू अस्पताल में उपचार के लिए आई एक वृद्ध महिला के हाथों से बदमाश सोने की चूड़ियां, अंगूठी और हार उतार कर फरार हो गए। बदमाश संख्या में दो बताए गए। 67 साल की महिला रामपुरी क्योंथल के साथ लगते गांव की रहने वाली है। यह रूटीन में टेस्ट करवाने के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल आती थी। घटना वाले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे डीडीयू के नजदीक उसे घेर कर जेवरात उतार कर फरार हो गए। सदर पुलिस ने मामले की जांच की नतीजा सिफर।

केस दो
इससे पहले की पुलिस मरीज महिला का केस हल कर पाती इसके कुछ दिनों बाद ही डीडीयू अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्सें के साथ छीना झपटी का मामला सामने आ गया। बदमाश महिला के गले से सोने की चैन और एक मोबाइल भी छीन ले गए । वारदात उस समय हुई जब महिला सुबह 7.45 बजे ड्यूटी के लिए अस्पताल जा रही थी। मामले की जांच भी सदर पुलिस कर रही है।

थाना छोटा शिमला ( अनसुलझा मामला)
केस एक
टिंबर हाउस बस स्टाप पर एक महिला के गले से सोने की चैन छीनकर बदमाश फरार हो गए। घटना वाले दिन महिला ने बस स्टेंड से टिंबर हाउस की टिकट ली थी। शाम करीब सात बजे वह बस से उतरी। चंद सेकेंडों बाद ही महिला के साथ छीनाझपटी की वारदात हो गई। थाना छोटा शिमला पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts