
मंडी। खाद्य आपूर्ति निगम की करसोग गैस एजेंसी में गोलमाल मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने लाखाें के गोलमाल मामले की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी है, लेकिन गैस एजेंसी में घोटाले के आरोपी दोनाें कर्मचारी फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शुक्रवार को करसोग पुलिस ने आरोपियाें के घर भी दबिश दी, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी थलौट से है। हालांकि आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को फिलहाल सफलता हाथ नहीं लगी है, लेकिन पुलिस ने गैस एजेंसी के सारे रिकॉर्ड और स्टॉक को कब्जे में ले लिया है और रिकॉर्ड की गहनता से छानबीन कर रही है। इस बीच गैस एजेंसी मेें कई भरे हुए एवं खाली गैस सिलेंडर भी कम पाए गए हैं। वीरवार को निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मंडी कपिल गुप्ता ने गैस एजेंसी के दो कर्मचारियाें के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने शिकायत पर गैस एजेंसी प्रभारी और सहायक के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने का मामला दर्ज किया है। अब इस मामले में पुलिस दोनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी। लेकिन पुलिस में मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गए हैं। इधर, करसोग थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है। जल्द आरोपियाें को पकड़ लिया जाएगा।
