
मंडी। मंडी शहर में प्रशासन की ओर से गठित कमेटी पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित करेगी। प्रशासन ने संघर्ष समिति के विरोध प्रदर्शन और पांच दिन से जारी क्रमिक अनशन को लेकर शुक्रवार को तहसीलदार सदर की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर पार्किंग स्थान चिह्नित करने की जिम्मेवारी सौंपी है। इसमें तहसीलदार सहित सिटी पुलिस चौकी इंचार्ज चेतराम भंगालिया, एएसआई राम लाल और कांस्टेबल राजेश को शामिल किया गया है। कमेटी ऑटो रिक्शा तथा टैक्सी यूनियन के अधिकारियों को साथ लेकर सर्वें करेगी तथा एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देगी।
शुक्रवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पंकज राय के साथ संघर्ष समिति के शीर्ष पदाधिकारियाें की विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद तहसीलदार सदर अजय पराशर के नेतृत्व में कमेटी का गठन किया गया। कमेटी शहर में जहां-जहां पार्किंग के लिए स्थान उपलब्ध होने की संभावना होगी, उन्हें चिह्नित करेगी। इसके बाद रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेगी। जिला प्रशासन कमेटी के चिन्हित स्थानों पर रिपोर्ट आने के बाद पार्किंग व्यवस्था की संभावना पर विचार करेगा। वहीं, संघर्ष समिति का संघर्ष कमेटी की रिपोर्ट आने तक भी जारी रहेगा। संघर्ष समिति के प्रेस सचिव प्रभुनाथ सिंह का कहना है कि कमेटी की रिपोर्ट के बाद ही भामसं तथा संघर्ष समिति आगामी रूपरेखा तय करेगी। यदि पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष समिति उग्र आंदोलन शुरू करेगी। बैठक में संघर्ष समिति की अन्य मांगाें पर भी चर्चा हुई।
बाक्स
पार्किंग संभावना को लेकर कमेटी एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी। ऑटो और टैक्सी के किराये में बढ़ोतरी का मामला परिवहन सचिव को भेजा है। विकलांग भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया जारी है। मंडी बाईपास पर सुकेती पुल के किनारे रेहड़ी-फहड़ी लगाने, ऑटो रिक्शा और टैक्सियों की पार्किंग के लिए स्थान विकसित किया जाएगा। संघर्ष समिति की सभी मांगाें पर विचार किया जा रहा है।
-पंकज राय एडीएम मंडी
