
जोगिंद्रनगर (मंडी)। दिहाड़ीदार के रूप में ब्रेक पीरियड सहित 7 वर्ष पूरे कर चुके लोक निर्माण विभाग के मजदूरों को पक्का करने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने वीरवार को जोगिंद्रनगर में रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न संगठनों ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
इस अवसर पर हिमाचल किसान सभा के सहसचिव कुशाल भारद्वाज ने कहा कि दिहाड़ीदार मजदूरों का शोषण 18-20 सालों से हो रहा है। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार मजदूरों के हितों के प्रति गंभीर नहीं है। पिछली भाजपा सरकार ने मजदूरों को सिर्फ झूठे आश्वासन दिए और अब कांग्रेस भी यही काम कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रम न्यायालय धर्मशाला ने मजदूरों के केस का निपटारा करते हुए आदेश दिए हैं कि पूर्व में मजदूरों को जो ब्रेक दिया गया था वे पूरी तरह गैरकानूनी था। इसलिए मजदूरों का ब्रेक पीरियड उनकी वरिष्ठता में जोड़ा जाए। इसी आधार पर राज्य सरकार की नीति के अनुसार उन्हें पक्का किया जाए।
उन्होंने कहा कि कई मजदूरों को सिफारिशों पर बिना ब्रेक में रखते हुए आठ साल बाद पक्का कर दिया गया, लेकिन सैकड़ों सीनियर मजदूर 17-18 साल से रेगुलर होने की आस लगाए बैठे हैं। उन्होंने मांग की कि भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में संशोधन किया जाए और दिहाड़ीदारों को पक्का करने के लिए शैक्षणिक योग्यता की शर्त को हटाया जाए। इस मौके पर किसान सभा से रणजीत राणा, नौजवान सभा के सचिव सुनील बरवाल, एसएफ.आई के संजय जंबाल, गुरमीत भारद्वाज, जगदेव भारद्वाज, कॉलेज इकाई के अध्यक्ष संजीव कुमार, बालम राम, सुभाष चंद, डूमणू राम, भाग चंद, संत राम, रमेश आदि मौजूद थे।
