
चंबा। ग्राम पंचायत रजेरा के बाशिंदे राजकीय प्राथमिक पाठशाला ककला की एसएमसी अध्यक्ष रजनी देवी की अगुवाई में उपायुक्त संदीप कदम से मिले। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि ककला स्कूल का एक अध्यापक चार माह से ड्यूटी से गैरहाजिर है। मौजूदा समय में स्कूल में एक ही अध्यापक सेवाएं दे रहा है। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे लगभग 60 छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी संजीव कुमार, ओमी, बबली देवी, शांति देवी, बजर सिंह, भोज सिंह, देसराज, बलदेव सिंह, किरपो राम, चमन सिंह, केसो राम, संजू, चैन लाल, तिलक राज, सुरेश कुमार, रिंकू राम, मनोज कु मार, बिट्टू और पिंकू ने बताया कि कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस बारे अवगत करवाया गया, लेकिन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 15-15 दिन के लिए डेपुटेशन पर शिक्षकों को स्कूल भेजा जा रहा है। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि चार माह से स्कूल एक ही अध्यापक के सहारे चला हुआ है। प्राथमिक पाठशाला रजेरा में तीन अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं जबकि इस स्कूल से एक अध्यापक का ककला स्कूल के लिए तबादला कर दिया गया है, लेकिन वह ककला स्कूल नहीं गया है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि इस मामले की उचित जांच की जाए। ऐसा न होने पर ग्रामीण बच्चों सहित धरना देने को मजबूर हो जाएंगे। उपायुक्त संदीप कदम ने आश्वासन दिया है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
