
नेरवा। नेरवा में रसोई गैस की सप्लाई न पहुंचने पर गुस्साए उपभोक्ताओं ने वीरवार को चक्का जाम किया है। दोपहर बाद तक रसोई गैस के इंतजार में खड़े लोगों को जब सप्लाई न पहुंचने की सूचना मिली तो वे भड़क उठे हैं। लोगों ने करीब पौने घंटे तक रास्ता रोक कर प्रशासन और खाद्य आपूर्ति निगम के खिलाफ नारेबाजी की । पुलिस की मध्यस्थता के बाद मामला शुक्रवार तक के लिए शांत हुआ है।
जानकारी के अनुसार नेरवा के लिए सुबह चौपाल गैस एजेंसी से सिलेंडर की गाड़ी रवाना हुई थी। सूचना मिलते ही लोग सुबह नौ बजे से गैस भरवाने के लिए लाइनों में खड़े थे। करीब एक बजे पता चला कि गैस सिलेंडर रास्ते में लाल पानी तक ही खत्म हो चुके हैं। इस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सड़क को रोक कर नारेबाजी शुरू की। कर्मचारियों ने बताया कि पूरा दिन सिलेंडर के लिए खड़े रहे अब खाली लौटना पड़ रहा है।
कर्मचारी धर्मपाल, दिनेश झागटा, सावित्री देवी, जगदीश हिमटा, छाजु राम स्थानीय निवासी हैपी सूद, रण सिंह छुंटा, प्रधान पौलिया, धनीराम शर्मा वार्ड मेंबर रमेश जिंटा, बबलू कवंर, धनदास और नरेंद्र शर्मा ने कहा कि लोग घरों में बच्चों को छोड़ कर और कर्मचारी कार्यालय में काम छोड़ कर गैस भरवाने के लिए पहुंचे, लेकिन गैस का ट्रक पहुंचा ही नहीं। पुजारली पंचायत के प्रधान हेमंत ठाकुर ने लिखित में प्रशासन को चेतावनी दी है यदि शुक्रवार को रसोई गैस नहीं पहुुंची तो वे आंदोलन के लिए तैयार हैं। वीरवार को नेरवा में नायब तहसीलदार और चौपाल में भी कोई प्रशासनिक अधिकारी लोगों की परेशानी को सुनने के लिए नहीं था। आखिर पुलिस थाना प्रभारी जसवीर राणा ने लोगों को आश्वासन दिया कि शुक्रवार को नेरवा को दो ट्रक रसोई गैस उपलब्ध करवाए जाएंगे। गैस एजेंसी चौपाल के प्रभारी विरेंद्र शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को लोगों को गैस पहुंच दी जाएगी। उन्होंने कहा यदि फिर भी कमी रही तो एक सप्ताह में फिर गैस भेजी जाएगी।
