
हल्द्वानी। बिजली विभाग में लंबे समय से चली आ रही कर्मचारियों की कमी समाप्त होगी। पावर कारपोरेशन छह सौ से अधिक कर्मचारियों की भर्ती कराने जा रहा है। छह महीने के भीतर एसडीओ, जेई और लाइनमैन के पदों में यह भर्ती होनी है। इसके अलावा डीडीहाट में नया सबस्टेशन बनाने की कोशिशें भी तेज हो गई हैं ताकि दूरस्थ इलाकों में बिजली संकट को भी पूरी तरह समाप्त किया जा सके। यह कहना है पावर कारपोरेशन के एमडी एसएस यादव का। मंगलवार को श्री यादव ने गौलापार सर्किट हाउस में हल्द्वानी और रानीखेत मंडल के अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में श्री यादव ने बताया कि वर्तमान में देश में गिनती के ही ऐसे राज्य हैं जिनके पास सरप्लस बिजली है। यही स्थिति उत्तराखंड के साथ भी है लेकिन 2016 के बाद तस्वीर बदलेगी और उत्तराखंड के पास सरप्लस बिजली होगी। इसके लिए कोशिशें तेज हो गई हैं। सबसे पहले कर्मचारियों की कमी को समाप्त किया जा रहा है। इसके लिए 635 लोगों की भर्ती की जा रही है। इससे बिजली विभाग की क्षमता बढ़ेगी। इसके अलावा बिजली परियोजनाओं से मिलने वाली बिजली में भी हमारा हिस्सा बढ़ सकता है। श्री यादव ने बताया कि पिथौरागढ़ में 220 केवी का पावर ग्रिड बनने से काफी हद पहाड़ पर बिजली की समस्या हल हुई है। अब डीडीहाट में सबस्टेशन बनाने की योजना है। ताकि अन्य समस्याओं से निपटा जा सके। श्री यादव ने 356 करोड़ की राजस्व वसूली करने के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई भी दी। यह अब तक की रिकार्ड वसूली है। उन्होंने बताया कि अगली बोर्ड की बैठक जनवरी में रुद्रपुर में होगी। कुमाऊं में अभी तक इस तरह की बैठक नहीं हुई। इस दौरान उनके साथ डायरेक्टर आपरेशन अनिल कुमार भी मौजूद थे।
