कसुम्पटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भंग

शिमला। कसुम्पटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह कार्रवाई इस कमेटी की कमजोर परफॉरमेंस की रिपोर्ट पर की है। यह रिपोर्ट पर्यवेक्षक विजय पाल खाची ने दी है। कुछ माह पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के रिश्तेदार वीर विक्रम सेन ने भी अपने पद से इस्तीफा दिया था। उनके बाद बीते दिन कमेटी भंग करने से पूर्व तक अध्यक्ष रहे अतर सिंह ठाकुर भी वीरभद्र सिंह के खास समर्थक बताए जाते हैं।
इस कमेटी की कमजोर परफॉरमेंस को लेकर रिपोर्ट देने वाले पर्यवेक्षक विजय पाल खाची ठियोग निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित हैं। वह पूर्व में बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स के खास समर्थकों में गिने जाते रहे हैं। मंगलवार को भंग की गई कसुम्पटी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में 42 कांग्रेसी तैनात थे। इसमें अध्यक्ष अतर सिंह ठाकुर के साथ उपाध्यक्ष बलदेव पुरी, बालकराम वर्मा, राम सिंह ठाकुर और सतीश वर्मा रहे हैं। महासचिव के पद पर कुलदीप शर्मा, सेवक राम ठाकुर, जीत सिंह कंवर और रमेश ठाकुर रहे हैं। अब ये पद पर नहीं रहेंगे। ब्लॉक कांग्रेस पर्यवेक्षक विजयपाल खाची की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कड़ा संज्ञान लेते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसुम्पटी जिला शिमला को तत्काल प्रभाव से भंग किया है। कांग्रेस प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने इसकी पुष्टि की है।

Related posts