
नेरचौक (मंडी)। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मंगलवार को नेरचौक में निर्माणाधीन ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज परिसर में सतत विकास हेतु युवा संस्था के रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। साथ ही मेडिकल कॉलेज के कार्य का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज के निर्माण पर 700 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। इसका अस्सी फीसदी कार्य पूरा कर लिया गया है। कॉलेज में 2014-15 सत्र से मेडिकल की कक्षाएं आरंभ कर दी जाएंगी। इसमें प्रशिक्षु डाक्टरों की 100 सीटें होंगी। 40 सीटें हिमाचल के विद्यार्थियों के लिए रहेंगी। इसके अलावा कॉलेज में नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान भी स्थापित किया जाएगा।
पहली जनवरी 2014 से प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों के लिए जैनरिक दवाईयां मिलेंगी। प्रदेश के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, टांडा मेडिकल कॉलेज और क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में अलग से माता शिशु अस्पताल खोले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज चलाने के लिए प्रारंभ में 500 बिस्तरों वाले क्षेत्रीय अस्पताल मंडी को इससे संबद्ध किया है। इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थान रत्ती, डैहर, कटौला और नागरिक अस्पताल सुंदरनगर को भी इससे जोड़ा है। मेडिकल कॉलेज उच्च सुविधाओं से लैस होगा। युवा संस्था के समन्वयक गोविंद, कार्यकारी निदेशक बिहारी लाल शर्मा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, जिला परिषद सदस्य चमन राही, द्रंग कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जोगेंद्र गुलेरिया, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर ठाकुर, ईएसआई मेडिकल कालेज के डीन डाड़ीएस धीमान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाह़ेमंत कपूर और तहसीलदार अजय पराशर मौजूद रहे।
