
धर्मशाला। भत्तल्ला पंचायत के समीप स्थित हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। बरसात के मौसम में दियाड़ा गांव में प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली के चलते लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था, जिसकी भरपाई अभी तक न तो प्रशासन कर पाया है और न ही प्रोजेक्ट प्रबंधन। इसी के चलते भत्तल्ला पंचायत का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को एसडीएम धर्मशाला से मिला और अपनी समस्याओं को रखा। एसडीएम का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन के खिलाफ 188 के तहत आदेशों की अवहेलना करने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि बरसात के मौसम में पंचायत के दियाड़ा गांव में भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था। दियाड़ा गांव के दर्जनों परिवार इस नुकसान से प्रभावित हुए हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कोई सहायता मुहैया नहीं करवाई गई है। एसडीएम ने भी उक्त स्थल का दौरा कर प्रोजेक्ट प्रबंधन को जंगल में पानी न छोड़ने और क्रेट वॉल लगाए जाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके प्रबंधन ने आदेशों पर कोई अमल नहीं किया। लोगों ने मांग की है कि दियाड़ा में स्थित प्राइमरी स्कूल के पास क्रेट वॉल लगाई जाए, ताकि स्कूल और छात्रों की सुरक्षा बनी रह सके। स्कूल से दियाड़ा तक टूट चुके रास्ते का निर्माण किया जाए, साथ ही स्कूल से मुख्य रोड तक भी सड़क को बनाया जाए। इसके अलावा लोगों ने प्रशासन से प्रभावित लोगों को उचित सहायता देने की मांग की है।
फिर हो सकता है नुकसान : प्रधान
पंचायत प्रधान भत्तल्ला पवन कुमार का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन की ओर से जंगल में पानी छोड़ने से गांव में भारी नुकसान हुआ था, लेकिन प्रबंधन अभी भी पहले की भांति जंगल में खुले में पानी छोड़ रहा है। जिससे फिर गांव को भारी नुकसान का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
होगी कार्रवाई : एसडीएम
एसडीएम धर्मशाला डॉ. हरीश गज्जू का कहना है कि प्रोजेक्ट प्रबंधन के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत आदेशों की अवहेलना करने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अलावा एसडीएम ने लोगों को प्रशासन की ओर से उचित सहायता दिए जाने का भी आश्वासन दिया है।
